दो करोड़ से 10 हजार वर्ग मीटर में बनेगा थीम पार्क
हापुड़। एचपीडीए दो करोड़ की लागत से आनंद विहार में थीम पार्क का निर्माण करेगा। पार्क में 10 हजार वर्ग मीटर में अविरल गंगा प्रवाह पथ का नक्शा तैयार किया जाएगा। जिसमें गंगा के उद्गम स्थल से लेकर उसके समुद्र में विसर्जन तक के सभी मुख्य स्थानों को दर्शाया जाएगा। इसके अलावा यहां योग केंद्र और गंगा किनारे तीर्थ स्थानों को दिखाने के लिए थियेटर भी बनाया जाएगा।
हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण पार्कों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर रहा है। जिससे इस क्षेत्र में लोगों की दिलचस्पी बढ़े। इसके साथ साथ लोग अपनी संस्कृति को भी जान सकें।
ऐसे में प्राधिकरण उपाध्यक्ष का कार्यभार देख रही मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे ने आनंद विहार के डी ब्लॉक में थीम पार्क बनाने के निर्देश दिए हैं। यहां करीब 10 हजार वर्ग मीटर भूमि में यह पार्क बनवाया जाएगा। इसका मुख्य आकर्षण गंगा के अविरल प्रवाह पथ का नक्शा होगा। जिसमें मां गंगा के गोमुख उद्गम से गंगा सागर में विलय तक के प्रवाह पथ को प्रदर्शनी के रूप में विकसित करने की कल्पना की गई है। जिसमें गंगा की धारा को विभिन्न एतिहासिक स्थलों तथा अन्य नदियों के संगम स्थलों को पार्क में जीविंतता दी जाएगी। गोमुख, भागीरथी व अलखनंदा का संगम देव प्रयाग, ऋषिकेश, हरिद्वार व इसके बाद गंगा के उत्तर प्रदेश राज्य में प्रवेश के साथ हापुड़ जिले के अंतर्गत गढ़मुक्तेश्वर के अलावा गंगा यमुना की संगम स्थली प्रयागराज, बनारस व गंगा सागर की यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। इन स्थानों की यात्रा के पथों को भी नक्शों के माध्यम से दर्शाया जाएगा। इसके अलावा बिजनौर बैराज व अन्य पौराणिक शहरों को भी दर्शाया जाएगा। (संवाद)
योग कर सकेंगे लोग
पार्क में नक्शे के अलावा पैदल पथ, जलपान गृह, सार्वजनिक शौचालय, पेयजल व्यवस्था, खेलने का स्थान, ओपन एयर थियेटर, पार्किंग की सुविधा होगी। पार्क में योग केंद्र का भी निर्माण किया जाएगा। जिसमें लोग योग कर अपने शरीर को स्वस्थ कर सकेंगे। ओपन थियेटर में गंगा से संबंधित सुंदर चित्रों और फिल्म को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे लोग गंगा के बारे में और अधिक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
विभिन्न प्रजाति के पौधों और फूलों से महकेगा पार्क
मंडलायुक्त ने बताया कि पार्क को हरी घास के अलावा विभिन्न प्रजातियों के पौधे, फुलवाड़ी के अलावा ग्रीन हैज व गजिबो से सुसज्जित किया जाएगा। यहां आने वाले लोगों को एक सुखद अनुभव का एहसास होगा। पार्क के निर्माण की रूप रेखा तैयार कर दी गई है।
थीम पार्क का नक्शा । संवाद- फोटो : HAPUR
गंगा प्रवाह पथ प्रदर्शनी पार्क का नक्शा । संवाद- फोटो : HAPUR