पहली शादी को छिपाकर विधवा से रचाया ब्याह
हापुड़। पहली शादी का सच छिपाकर एक व्यक्ति ने विधवा महिला से दूसरी शादी कर ली। जानकारी होने पर जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने पीटकर निकाल दिया। इतना ही नहीं महिला के प्लॉट हड़पने के चक्कर में आरोपी ने परिजनों के साथ उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। इसके बाद उसके दस्तावेज और रुपये गहने चोरी कर फरार हो गए।
मामले में पुलिस ने चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मोहल्ला नवी करीम निवासी अंजू ने बताया कि वर्ष 2011 में उसकी शादी हुई थी। 2018 में पति का देहांत हो गया था। परिजनों ने वर्ष 2020 में उसकी दूसरी शादी जिला गाजियाबाद के आकाश नगर इंद्रगढ़ी निवासी अजित के साथ की थी। अजीत ने शादी से पहले उसकी एक और शादी की बात छिपाई थी। जबकि अजीत की पहली पत्नी और दो बच्चे ससुराल में ही रहते हैं। जब उसे पता चला तो ससुराल पक्ष के लोगों ने पीड़िता को बेरहमी से पीटा और घर से निकाल दिया। इसके बाद से पीड़िता अपने मायके में रह रही है।
अब उसका दूसरा पति पीड़िता का प्लॉट हड़पना चाहता है। इसके लिए कुछ दिन पहले आरोपियों ने उसे घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने उसका आधार कार्ड, पेन कार्ड, एटीएम कार्ड, प्लाट के दस्तावेज, आभूषण और दस हजार रुपये चोरी कर लिए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि मामले में सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
-