नेशनल चॉकबॉल चैंपियनशिप में आज जुटेंगे 20 राज्यों के खिलाड़ी
हापुड़। जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में 2 से 4 दिसंबर तक 13वीं सीनियर बालक/बालिका राष्ट्रीय चॉकबॉल चैंपियनशिप का आयोजन होगा। राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में 20 राज्यों के खिलाड़ी भाग लेंगे। बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश की टीम हापुड़ पहुंच गई। पदाधिकारियों ने बैठक कर चैंपियनशिप की जानकारी दी।
इंडियन चॉकबॉल एसोसिएशन के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अजय सिंह ने कहा कि चॉकबॉल खेल स्वीटजरलेंड से शुरू हुआ थ, अब यह दुनिया के अधिकांश देशों में फैल गया है। इसे आसानी से खेला जा सकता है और इसमें खिलाड़ी के चोटिल होने की संभावना भी कम रहती है। यूपी चॉकबॉल एसोसिएशन के सचिव अशोक नागर ने कहा कि यह खेल हैंडबॉल के तरह ही खेला जाता है। इसमें ऐसे खिलाड़ी में सफल होते हैं, जिनकी लंबाई कम है। युवाओं के लिए इन खेलों में काफी अवसर हैं।
जेएमएस स्कूल के संचालक आयुष सिंहल ने कहा कि हापुड़ में राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप होना, खेल प्रेमियों के लिए अच्छा संकेत है। तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के पहले दिन का शुभारंभ डीएम मेधा रूपम, एडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन, भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश राणा, जिला प्रभारी मान सिंह गोस्वामी, यूपी चोकबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष भल्ला करेंगे। शनिवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ सीडीओ प्रेरणा सिंह करेंगी। जिले में इस प्रतियोगिता को कराने का उद्देश्य इस खेल को आगे बढ़ाना है। चैंपियनशिप के बाद जो भी युवा खिलाड़ी इसमें रुचि लेंगे, उन्हें सिखाने के लिए अलग से कोच की व्यवस्था की जाएगी।
आयोजक/सचिव विपिन गुप्ता ने कहा कि तीन दिन तक चलने वाली चैंपियनशिप को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। खिलाड़ियों को मूलभूत सुविधाएं देने की व्यवस्था कराई गई है। सरस्वती मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की तरफ से खिलाडिय़ों का स्वास्थ्य जांच कैंप और दवाओं की भी व्यवस्था रहेगी। तीनों दिन अस्पताल के चिकित्सकों की टीम मौजूद रहेगी। जेएमएस के सचिव रोहन सिंहल ने खेलों को संपादित कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया।