समय बीता, 10 फीसदी सड़कों के नहीं भरे गड्ढे
हापुड़। जिले में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए चलाया गया अभियान सफल नहीं हो सका है। सरकार ने अभियान को 15 दिन आगे के लिए बढ़ा दिया गया है। हालांकि, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का दावा है कि जिले में 90 फीसदी से अधिक सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया गया है। जबकि, 10 फीसदी सड़कें गड्ढा मुक्त होने से रह गई हैं।
बरसात के बाद सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए शासन ने 15 नवंबर तक का समय दिया था। लेकिन, यह अभियान सफलता पूर्वक चलाया नहीं जा सका। जिससे देखते हुए अब अभियान को 30 नवंबर तक बढ़ाने के आदेश हुए हैं। शहर से गुजरने वाले गढ़-दिल्ली रोड, बुलंदशहर रोड के गड्ढे अभी तक भरे नहीं गए हैं। इनकी देखरेख का काम लोक निर्माण विभाग का है।
इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र में पड़ने वाले गली मोहल्लों में भी गड्ढे नजर आते हैं। शहर के पॉश इलाके की सड़कों भी गड्ढायुक्त हैं। न्यू शिवपुरी में गड्ढे भरने का कार्य किया भी गया था लेकिन, वो उखड़ने लगे हैं। बुलंदशहर रोड पर तो हाल ही बुरा हो चुका है। वहां वाहनों के चलने से धूल का गुबार उड़ता रहता है। जिसके कारण लोगों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ये सड़कें नहीं हो सकीं गड्ढामुक्त
नगर पालिका क्षेत्र की फ्रीगंज रोड, बुलंदशहर रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी, मस्जिदपुरा, तगासराय, मिनाक्षी रोड, पीरबाउद्दीन, ईदगाह रोड, मेरठ रोड स्थित आवास विकास संजय विहार कॉलोनी, श्रीनगर, त्यागी नगर, स्वर्ग आश्रम रोड। पीडब्ल्यूडी की गढ़-दिल्ली रोड, बुलंदशहर रोड के तहसील चौपला से कोठीगेट मोड़ तक, मेरठ रोड, मुरादाबाद हाईवे, चितौली रोड, असौड़ा रोड, सबली रोड।
लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई
एडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन का कहना है कि पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका के अधिकारियों को 30 नवंबर तक गड्ढे भरने के कार्य को पूरा करने के लिए आदेश दे दिए गए हैं। बीच-बीच में टीम का गठन कर सड़कों का निरीक्षण कराया जाएगा। अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली रोड पर टूटी पडी सडक ।संवाद- फोटो : HAPUR
बुलंदशहर रोड पर सडक टूटने के बाद हुये गड्ढे ।संवाद- फोटो : HAPUR