ाबूगढ थाने के बाहर धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ता । संवाद
- फोटो : HAPUR
भाजपा नेता ने कहे अपशब्द, बाबूगढ़ थाने पर हुआ हंगामा
हापुड़। बाबूगढ़ निवासी एक स्थानीय भाजपा नेता द्वारा जाट समाज के लिए अपशब्ध कहने का वीडियो बृहस्पतिवार को वायरल हो गया। जिसके बाद रालोद, सपा पदाधिकारियों के साथ भाकियू कार्यकर्ता बाबूगढ़ थाने पहुंच गए और धरना देते हुए हंगामा किया। पुलिस ने आरोपी को आनन फानन में हिरासत में ले लिया।
बाबूगढ़ निवासी कपिल सिंघल भाजपा नेता है। बृहस्पतिवार को उनकी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई जिसमें आरोपी जाट समाज के खिलाफ एक गाने के माध्यम से अपशब्द कह रहा है। हालांकि मात्र दस सेकेंड का यह वीडियो विधानसभा चुनाव के दौरान का बताया जा रहा है। लेकिन यह बृहस्पतिवार को वायरल हुआ तो रालोद, सपा के जाट नेताओं समेत भाकियू कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। रालोद जिलाध्यक्ष गौरव प्रताप, सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र जाखड़ समेेत समेत काफी संख्या में लोग बाबूगढ़ थाने पहुंच गए और हंगामा करते हुए थाने के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए।
हंगामे की सूचना पर सीओ अशोक कुमार सिसौदिया मौके पर पहुंचे और उनकी तहरीर ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश राणा ने बताया कि पार्टी सभी धर्मों और जातियों का सम्मान करती है। आरोपी ने यदि ऐसी कोई हरकत की है तो वह इसके लिए खुद जिम्मेदार है और उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई के लिए स्वतंत्र है। इसका पार्टी से कोई लेनादेना नहीं है।