गढ़ गंगा कार्तिक मेले में नहीं होगी भैंसा बुग्गी दौड़
हापुड़। गढ़ गंगा कर्तिक मेले में इस बार भारी भीड़ उमड़ने की आशंका है। भीड़ के दौरान हुड़दंग और पशुओं के साथ क्रूरता न हो इसके लिए डीएम ने आदेश जारी किए हैं। आदेशों के तहत मेेले में भैंसा बुग्गी दौड़, पशु प्रतियोगिताएं या किसी भी तरह की पशु क्रूरता पर प्रतिबंध रहेगा।
गंगा मेले के दौरान जहां श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आते हैं, वहीं बड़ी संख्या में दौड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं। इसमें भैंसा बुग्गी दौड़ प्रमुख है। बड़ी संख्या में ग्रामीण इसमें हिस्सा लेेते हैं। बाइक सवारों का रैला साथ चलता है और खूब हुड़दंग भी होता है। सड़क पर दौड़ के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। पिछले साल ऐसी प्रतियोगिताएं भी खूब हुई और इस दौरान दुर्घटनाएं भी हुई। हालांकि पुलिस ने ऐसे मामलों में कार्रवाई भी की।
डीएम मेधा रूपम ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि लंपी वायरस हो देखते हुए इस बार पशु मेले को पहले ही स्थगित किया जा चुका है। किसी प्रकार की दौड़ प्रतियोगिताएं प्रतिबंधित रहेगी। संबंधित क्षेत्र के मजिस्ट्रेट और पुलिस प्रशासन इस पर नजर बनाकर रखेंगे और ऐसा करने वाले पर कानूनी कार्रवाई करेंगे।