फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धौलाना में बेची 150 करोड़ की सरकारी जमीन,12 के खिलाफ मुकदमा

विज्ञापन
विज्ञापन
धौलाना में बेची 150 करोड़ की सरकारी जमीन, 12 के खिलाफ मुकदमा
विज्ञापन

हापुड़। धौलाना तहसील क्षेत्र मे फर्जी दस्तावेजों के जरिए करीब 150 करोड़ की सरकारी जमीन को चार बार बेच दिया गया। अब मामला खुला तो मास्टर माइंड बैनामा लेखक समेत 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में कई प्रशासनिक अधिकारियों की संलिप्ता भी मिली है, लेकिन उनके खिलाफ फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है, एक गोपनीय टीम को जांच में लगाया गया है। डीएम ने मामले की रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
धौलाना तहसील क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के जरिए वर्ष 1988 से घपला शुरू हुआ था। धौलाना गांव में यह जमीन सरकारी होते हुए भी फर्जी अभिलेख तैयार कर लिए। शातिरों ने तहसील प्रशासन से सांठगांठ कर इसकी आमद दरामद भी करा ली। उच्चाधिकारियों को भनक तक नहीं लगी और तत्कालीन तहसील के जिम्मेदार अधिकारियों ने भू-माफियाओं के साथ मिलकर सरकार की जमीन को कोड़ियों के भाव बिकवा दिया।
विज्ञापन

यह एक बार नहीं बल्कि चार बार हुआ, जब एक ही जमीन को फर्जी कागजातों के जरिए बेचा गया। हापुड़ की विभिन्न तहसील के खरीदारों के साथ ही दिल्ली की पार्टियों ने भी यहां जमीन खरीदी। वर्तमान में जमीन की कीमत करीब 150 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
मुख्य बात यह है कि इसी तहसील में बैनामा लिखने का काम करने वाले मास्टर माइंड ने ही अधिकारियों के साथ मिलकर पूरा खेल कराया। मामले की जांच कर रहे आईओ बलराम सिंह ने बताया कि बैनामा लेखक को दो बार नोटिस जारी किया गया है।
मामला खुलने पर विक्रेता, खरीददारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। लेकिन इस मामले में अभी भी तहसील प्रशासन नूरा कुश्ती कर रहा है। इस प्रकरण में कई प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध है, कई जिलों में नियुक्ति के बाद इन अधिकारियों का मोह धौलाना तहसील से नहीं हटा और जब भी धौलाना तहसील का चार्ज मिला तो उन्होंने इस घपले को फिर से कराया। बहरहाल, गोपनीय जांच अभी जारी है। कई अधिकारियों पर गाज गिरना तय है।
फर्जी पत्रावली तैयार कर चार बार बेची भूमि -डीएम
धौलाना तहसील के धौलाना ग्राम पंचायत में चार अलग-अलग जगह 2.478 हेक्टेयर सरकारी भूमि थी। इस भूमि की फर्जी पत्रावली तैयार कर कई लोगों द्वारा चार बार बेचा गया था। करीब 150 करोड़ रूपये की कीमत वाली सरकारी जमीन के घोटाले की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। इस संबंध में तहसीलदार धौलाना ने 12 लोगों के खिलाफ थाना धौलाना में तहरीर दी है। - मेधा रूपम, जिलाधिकारी
विज्ञापन

12 के खिलाफ दर्ज की है रिपोर्ट
थाना प्रभारी सतेंद्र ने बताया कि तहसीलदार प्रवीण कुमार और लेखपाल केशव शर्मा की तहरीर पर धर्मवीर सिंह पुत्र हरकेश, सुनील कुमार पुत्र साधुराम, इकजोत सिंह चौहान पुत्र गुरमीत सिंह चौहान, बाबूराम पुत्र मोहम्मद उमर, मनोज कुमार पुत्र रणवीर सिंह, राहुल पुत्र रणवीर सिंह, धर्मवती पत्नी, रणवीर सिंह, राज बहादुर पुत्र जयपाल सिंह, रहीसुद्दीन पुत्र बुंदु, कुशलपाल पुत्र मेघराज, असगर पुत्र बुंदु, तुषार गुप्ता पुत्र आशुतोष गुप्ता, प्रदीप कुमार पुत्र श्यामलाल, कुलदीप पुत्र हरभजन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें