रुपयों के लेनदेन के विवाद में युवक को मारी गोली हापुड़।पीड़ित के आरोपी पर करीब ढाई लाख रुपये उधार थे, जिनका वह काफी दिनों से तकादा कर रहा था।बुधवार को भी अमित ने आरोपी से रुपयों का तकादा किया था।
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव छतनौरा निवासी अमित पुत्र कर्मवीर को पड़ोस के गांव के रहने वाले युवक ने गोली मारकर घायल कर दिया। गोली युवक की बाजू में लगी है। पीड़ित ने मामले में तहरीर दी है, हालांकि पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है।
पुलिस के अनुसार छतनौरा निवासी अमित के पड़ोस के गांव मतनौरा निवासी युवक से रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पीड़ित के आरोपी पर करीब ढाई लाख रुपये उधार थे, जिनका वह काफी दिनों से तकादा कर रहा था। बुधवार को भी अमित ने आरोपी से रुपयों का तकादा किया था। बुधवार शाम अमित अपने मामा के गांव गया था और रात रात साढ़े नौ बजे अपने घर लौट रहा था। रास्ते में आरोपी ने उसे रोक लिया और तमंचे से गोली मार दी। गोली बाजू में लगने से युवक घायल होकर सड़क पर गिर गया और आरोपी फरार हो गया। आरोपी शराब माफिया बताया जा रहा है, जिस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार बिष्ट ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। जिसके बाद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।