गढ़ में व्यापारी से हुई लूट का खुलासा, चार बदमाश गिरफ्तार
हापुड़। गढ़ कोतवाली क्षेत्र के जवाहर गंज मंडी में पंद्रह दिन पहले लोहा व्यापारी से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों से 1.41 लाख रुपये, घटना में प्रयुक्त चोरी की बाइक, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि व्यापारी पुनीत गोयल की गढ़ में मेरठ रोड पर रोडवेज बस स्टैंड के सामने लोहे की दुकान है। एक सितंबर की रात करीब 8.30 बजे जब वे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। घर के बाहर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने व्यापारी से हथियारों के बल पर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए थे। तभी से गढ़ पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी।
एसपी ने बताया कि मंगलवार रात थाना गढ़मुक्तेश्वर प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी सूचना के आधार पर गांव बदरखा के पास से चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान गढ़मुक्तेश्वर की महावीर कॉलोनी निवासी विक्रम, सटकू, रंजीत और मीरा की रेती निवासी फरियाद के रूप में हुई।
पूछताछ में बदमाशों ने बदमाशों ने अपना जुर्म कुबूल कर दिया। इन्होंने बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले सटकू ने व्यापारी की रैकी की थी। एक सितंबर की रात जब व्यापारी दुकान बंद कर घर लौट रहा था, तभी विक्रम, रंजीत और फरियाद वहां पहुंच गए। विक्रम और फरियाद ने घटना को अंजाम दिया। इसके बाद रंजीत बाइक पर विक्रम और फरियाद को बैठाकर फरार हो गया था। वारदात को अंजाम देने के लिए उन्होंने गांव अठसैनी पैंठ से बाइक भी चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।