धौलाना की वाल्मीकि बस्ती में एक महीने में 65 सूकरों की मौत
धौलाना। धौलाना की वाल्मीकि बस्ती में एक महीने के अंदर 65 सूकरों की मौत हो गई है। सूचना पर पशुपालन विभाग की टीम ने सूकरों की जांच कर, नमूने जांच के लिए भेजे।
मंगलवार को बस्ती के बाहर कई मृत सूकर के शव पड़े थे, जिनसे उठती दुर्गंध पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी करने पर पता चला कि सूकरों में एक रहस्यमय बीमारी फैल रही है। शुरूआत में एक दो पशु ही मरे थे, जिसे सामान्य मौत समझकर किसी को सूचना नहीं दी गई।
लेकिन अब रोजाना मौत हो रही हैं, मामला खुला तो सूचना पशु चिकित्सा विभाग को दी गई, टीम ने वाल्मीकि मोहल्ले में बीमार सूकरों की जांच करते हुए उपचार किया, सभी सूकरों में तेज बुखार मिला। टीम ने सूकरों के खून के नमूने जांच के लिए लैब भेजे हैं।
बस्ती के लोगों ने बताया कि एक महीने के अंदर लोकेश के 10, बिरजू के 15 ,कपिल के 7, सतीश के 10, सुंदर के 15, हरिश्चंद्र के 8 सूकरों की मौत हो गई है। क्षेत्र में स्वाइन फ्लू फैलने की भी चर्चा है।