लंपी से तीसरी मौत, आठ पशुओं की हालत गंभीर
हापुड़। जिले में शनिवार को लंपी से संक्रमित एक और पशु की मौत हो गई, आंकड़ा बढ़कर अब तीन पहुंच गया है। वहीं आठ पशुओं की हालत गंभीर बनी हुई है। शनिवार को आठ गांवों में 16 नए पशु संक्रमित मिले, जिन्हें आइसोलेट कर उपचार शुरू कर दिया गया है। पशुपालन विभाग अब गांव-गांव जाकर आइवरमैक्टीन की गोलियां पशुओं के लिए बांटेगा।
लंपी बीमारी तेजी से पशुओं में फैल रही है, गोवंशों को यह बीमारी अधिक प्रभावित कर रही है। किसी भैंस या अश्व प्रजाति में लंपी रोग नहीं देखा गया है। शनिवार को पशुपालन विभाग की टीमों ने सर्वे किया, इसमें आठ नए गांवों में भी 16 संक्रमित पशु मिले। बनखंडा में चार से अधिक संक्रमित पशु मिले।
शनिवार को बुकलाना में एक और पशु ने दम तोड़ दिया। इस गांव में मरने वाले पशुओं की संख्या दो हो गई है। 69 गांवों में यह बीमारी फैल चुकी है, जिसमें आठ पशुओं की हालत गंभीर बनी हुई है। पशुपालन विभाग की टीम ने शनिवार को 3500 पशुओं को टीके लगाए। साथ ही आइवरमैक्टीन टेबलेट भी बांटी गई। गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को संक्रमित पशुओं के देखरेख की जानकारी दी। साथ ही स्वस्थ पशुओं को बीमार पशुओं से अलग रखने की सलाह दी।
जिले में लंपी की स्थिति
प्रभावित गांव-----69
कुल संक्रमित पशु---279
उपचारित पशु------175
रिकवर पशु-------101
मृत पशु---------03
टीकाकरण-------15900
कोट-
लंपी से बीमार पशुओं का इलाज कराया जा रहा है। संक्रमित पशु उपचार के बाद स्वस्थ भी हो रहे हैं। टीकाकरण तेज गति से शुरू कर दिया है। अब तक तीन पशुओं की मौत हुई है।--डॉ.प्रमोद कुमार, सीवीओ।