शिवचरणपुरा में गिरी मकान की छत
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के अंतर्गत मिनाक्षी रोड स्थित मोहल्ला शिवचरणपुरा में एक जर्जर मकान की छत अचानक गिर गई। इस दौरान परिवार की पांच महिलाएं घायल हो गई। जिनमें से दो को अधिक चोट आई है।
मिनाक्षी रोड स्थित मोहल्ला शिवचरणपुरा में हरद्वारी का पुराना मकान है, जो काफी समय से जर्जर पड़ा है। हरद्वारी यहां अपनी पत्नी व चार बेटियों के साथ रहता है। हरद्वारी ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर शाम उसकी पत्नी हेमवती व पुत्री रेखा, लता, तनु व सविता मकान की ऊपरी मंजिल पर खाना बना रही थी। इसी बीच मकान की छत का कुछ हिस्सा अचानक गिर गया। इस दौरान खाना बना रही मां व बेटियां नीचे आ गिरी। गनीमत रही कि उस समय मकान के निचले हिस्से में कोई नहीं था। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जिनमें हेमवती, रेखा को अधिक चोट आई है, हालांकि सभी खतरे से बाहर हैं। एसडीएम दिग्विजय सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। तहसीलदार को मौके पर भेजकर रिपोर्ट मांगी जाएगी।