मुख्यमंत्री के सड़क मार्ग से हापुड़ आने की संभावना
हापुड़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अगले सप्ताह हापुड़ में प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री के सड़क मार्ग से हापुड़ पहुंचने की संभावना अधिक है। ऐसे में जिला प्रशासन, पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री प्रदेश के 25 जिलों के दौरे करेंगे। हापुड़ में 25 अगस्त को उनका दौरा संभावित है, शासन से मिले निर्देशों के बाद जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। मुख्यमंत्री के यहां पहुंचने के लिए हवाई और सड़क मार्ग दोनों विकल्पों पर ध्यान दिया जा रहा है। लेकिन अभी तक मिली जानकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री आसपास के किसी जिले का दौरा कर सड़क मार्ग से ही हापुड़ पहुंचेंगे और करीब चार घंटे जिले में बिताएंगे। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण, शिलान्यास के अलावा वे किसी गांव में बने पुस्तकालय, जिला अस्पताल और विकास भवन का निरीक्षण कर सकते हैं। इन संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन अपनी तैयारियों में जुटा है।