लख़नऊ में सीएम से मुलाकात करते अधिवक्ताओ का प्रतिनिधि मंडल ।संवाद
- फोटो : HAPUR
सीएम के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं की हड़ताल स्थगित
हापुड़। जिला न्यायालय भवन निर्माण की मांग को लेकर 19 जुलाई से हड़ताल पर चल रहे अधिवक्ताओं ने सीएम से आश्वासन मिलने के बाद बृहस्पतिवार से काम पर लौटने का निर्णय लिया है। अधिवक्ताओं ने बुधवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने वाले धौलाना के विधायक धर्मेश तोमर का भी सम्मान किया।
जिला न्यायालय भवन निर्माण की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधि मंडल धौलाना विधायक धर्मेश तोमर के माध्यम से सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिला था। मुख्यमंत्री ने न्यायालय की भूमि खरीदने के लिए शीघ्र ही बजट का आवंटन कराने का आश्वासन दिया वहीं आधुनिक तरीके से न्यायालय का भवन बनवाने की भी बात कही थी। बुधवार को हापुड़ बार एसोसिएशन की एक बैठक हुई, जिसमें एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी व सचिव रविंद्र सिंह निमेष ने बताया कि सीएम के आश्वासन के बाद सर्वसम्मति से हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। अगर आश्वासन के बाद भी मांग पूरी नहीं होती है तो वह आंदोलन दोबारा करेंगे। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार से सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य करेंगे। वहीं अधिवक्ताओं ने धौलाना विधायक धर्मेश तोमर का भी सम्मान किया। विधायक ने कहा कि अधिवक्ताओं की मांग जायज है। जिसके लिए उन्होंने सीएम से अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधि मंडल की भेंट कराने की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि यह मांग शीघ्र पूरी होगी, क्योंकि सीएम द्वारा इस मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मांग का पूरा होना अधिवक्ताओं के लिए ही नहीं वादकारियों के लिए भी लाभदायक है, क्योंकि जिला न्यायालय के लिए पर्याप्त भवन न होने के कारण नगर में कई स्थानों पर अदालत चल रही है।