गांव अच्छेजा में पंचायत करते त्यागी समाज के लोग
- फोटो : अमर उजाला
नोएडा के श्रीकांत प्रकरण और एक टीवी चैनल पर सपा नेता द्वारा इंटरव्यू में त्यागी समाज के ऊपर अभद्र टिप्पणी करने के विरोध में त्यागी समाज के लोगों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन सौंपकर सपा नेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण सभा के आह्वान पर समाज के लोग जिला मुख्यालय पहुंचे। त्यागी समाज के लोगों ने कहा कि टीवी चैनल पर त्यागी समाज को लेकर जिस तरह की टिप्पणी की गई है, उससे समाज को कड़ा आघात पहुंचा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर चल रहा है, जिसके कारण समाज की छवि धूमिल हो रही है। लोकतंत्र में किसी समाज पर इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।
शासन, प्रशासन इस मामले का सख्ती से संज्ञान लेकर सपा नेता के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे। इसके अलावा श्रीकांत त्यागी के मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए। गलत तरीके से श्रीकांत को परेशान न किया जाए, त्यागी समाज शांतिपूर्वक अपनी मांगों को रख रहा है, यदि उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो सड़कों पर भी उतरने के लिए तैयार होंगे।