नशीला पदार्थ सुंघाकर बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये के गहने चुराए
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के अंतर्गत स्वर्ग आश्रम रोड स्थित मोहल्ला कृष्णा नगर में डिटर्जेंट पाउडर बेचने के बहाने घर में घुसे दो युवकों ने बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मोहल्ला निवासी मनोज यादव ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दो युवक डिटर्जेंट पाउडर बेचने के बहाने घर में दाखिल हुए। घर में उनकी मां ओमवती मौजूद थी तभी दोनों युवकों ने डिटर्जेंट पाउडर बेचने के बहाने बातचीत शुरू कर दी। इसी दौरान मौका पाकर दोनों ने उनकी मां को नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों युवक उसकी मां से सोने की चैन, अंगूठी व कानों के कुंडल निकालकर फरार हो गए। दोनों युवकों की घर में दाखिल होने व वापस जाते हुए की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। होश आने के बाद उनकी मां ने शोर मचाया। जिस पर आसपास के लोग घर में पहुंचे। उनकी मां ने सारी घटना उन्हें बताई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
थाना प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।