एक अगस्त से चलेगी मुरादाबाद-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन
हापुड़। रेलवे स्टेशन से दिल्ली और मुरादाबाद तक यात्रा करने वाले यात्रियों का सफर आसान हो जाएगा। एक अगस्त से मुरादाबाद-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू हो रहा है। इस ट्रेन का प्रतिदिन हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ठहराव होगा। इससे दैनिक समेत अन्य यात्रियों को बेहद लाभ मिल सकेगा।
हापुड़ रेलवे स्टेशन से दिल्ली गाजियाबाद जाने के लिए सुबह के अलावा पूरे दिन कोई पैसेंजर ट्रेन का संचालन नहीं होता है। दिल्ली तक कुछ ट्रेन जाती भी हैं लेकिन, वह सभी ट्रेनें एक्सप्रेस हैं। इन ट्रेनों में यात्रियों को महंगा सफर करना पड़ता है। यात्रियों की मांग को देखते हुए रेलवे ने मुरादाबाद से दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया है।
यह ट्रेन एक अगस्त को मुरादाबाद से शाम को साढ़े छह बजे चलेगी और देर शाम को 9.22 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। पांच मिनट ठहरकर 9.27 बजे यह ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगी। दिल्ली में यह ट्रेन रात को 11.25 बजे तक पहुंचेगी। वहीं, अगले दिन दिल्ली से यह ट्रेन तड़के 4.10 बजे चलकर हापुड़ रेलवे स्टेशन पर 6.02 बजे पहुंचेगी। पांच मिनट रुककर मुरादाबाद के लिए यह ट्रेन 6.10 मिनट पर आगे के लिए रवाना हो जाएगा। मुरादाबाद में यह ट्रेन 10.25 बजे पहुंच जाएगी।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एचसी मीना ने बताया कि एक अगस्त से मुरादाबाद-दिल्ली स्पेशन ट्रेन का संचालन शुरू हो रहा है। इस ट्रेन का संचालन प्रतिदिन होगा। ट्रेन में अनारक्षित टिकट पर यात्रा कर सकते हैं।