युवक के सिर में ईंटों से वार कर हत्या
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अतरपुरा निवासी युवक ईशु (23) पुत्र संदीप की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में युवक अतरपुरा बिजलीघर के पीछे स्थित खंडहर में मिला। जिसे पहले निजी अस्पताल और फिर मेरठ रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मृतक का ही एक दोस्त शाम के समय उसे बुलाकर ले गया था।
अतरपुरा निवासी संदीप मजदूरी करता है। उसका पुत्र ईशु भी मजदूरी कर परिवार का हाथ बंटाता था। परिजनों का कहना है कि शनिवार शाम ईशु का दोस्त उसे बुलाकर ले गया था। जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे तलाश किया। इस दौरान ईशु गंभीर हालत में अतरपुरा बिजली घर के पास स्थित एक कांप्लेक्स के खंडहर में पड़ा मिला। उसे नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी सोमबीर सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी दोस्त की तलाश की जा रही है। उससे पूछताछ के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा।
कोतवाली में शिकायत करने पहुंचे मृतक के परिजन- फोटो : HAPUR