एंबुलेंस सेवा - तीन महीने में 259 मरीजों की एंट्री मिली फर्जी
हापुड़। एंबुलेंस सेवा के नाम पर जिले में बड़ा फर्जीवाड़ा हुआ है। तीन महीने के रिकॉर्ड की जांच में 259 मरीजों की फर्जी एंट्री कराकर एंबुलेंस चलाने का मामला सामने आया है। चारों ब्लॉकों से तलब की गई रिपोर्ट, सीएमओ ने एडी स्वास्थ्य को प्रेषित कर दी हैं। एक ही आईडी को बार-बार प्रयोग कर फर्जीवाड़ा किया गया है, बाकी रिकॉर्ड भी तलब किया गया है।
मरीजों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए स्वास्थ्य विभाग में 25 एंबुलेंस और दो एएलएस संचालित हैं। एंबुलेंस कंपनी सेवा के नाम पर सरकार को जमकर चूना लगा रही हैं। शासन स्तर से जांच के आदेश पर हापुड़ में फरवरी 2022 से अप्रैल 2022 तक के रिकॉर्ड की जांच की गई थी।
तीन महीनों में 4157 मरीजों को एंबुलेंस में सफर कराने का रिकॉर्ड जब्त किया गया था। पहली जांच में 35 फीसदी रिकॉर्ड का मिलान ही नहीं हो सका था। इस पर एंबुलेंस कंपनी द्वारा सीएमओ के यहां दोबारा जांच की याचिका दायर की गई। सीएमओ ने इसे स्वीकार करते हुए दोबारा जांच के आदेश दिए।
चारों ब्लॉकों में शुरू की गई जांच की फाइनल रिपोर्ट बृहस्पतिवार को सीएमओ ने तलब की। इसमें 259 केस फर्जी मिले, जिनका मिलान करने पर फर्जीवाड़ा सामने आया। यह फर्जीवाड़ा एक ही आईडी का बार-बार प्रयोग कर किया गया था। मरीज के बजाए एंबुलेंस कर्मियों ने ही फोन कर गाड़ी बुक कराई थी। पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट एडी स्वास्थ्य को प्रेषित कर दी गई है। यहां से शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
महीनेवार मरीजों को सेवा दिलाने के नाम पर मिला घपला
महीना कुल बुकिंग सही मिली फर्जी
फरवरी 1306 1205 101
मार्च 1389 1301 88
अप्रैल 1462 1392 70
(नोट : यह आंकड़े सीएमओ डॉ. सुनील कुमार द्वारा दिए गए हैं।)
कोट-
एंबुलेंस सेवा की जांच पूरी हो गई है। इसकी रिपोर्ट एडी स्वास्थ्य को प्रेषित कर दी गई है। शासन की ओर से कार्रवाई के जो आदेश मिलेंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।--डॉ.सुनील कुमार, सीएमओ।