तेल कारोबारी के यहां 60 घंटे से अधिक चली जांच
हापुड़। तेल कारोबारी के यहां आयकर विभाग की जांच शनिवार को भी जारी रही। जिले में अब तक किसी कारोबारी के यहां आयकर विभाग की सबसे लंबी जांच है। 60 घंटे से अधिकारी जांच में जुटे हैं, शनिवार को विभाग के अधिकारी तेल कारोबारी को रेलवे रोड स्थित एक प्लाजा पर लेकर पहुंचे, वहां अधिवक्ता और सीए से पूछताछ के बाद लौट आए।
तेल कारोबारी विजय कुमार अग्रवाल की दिल्ली रोड पर सबली गेट और अतरपुरा चौपला पर रविंद्र आयल मिल और केएल वेजिटेबजल प्राइवेट लिमिटेड फर्म पर दो जून को करीब सात बजे चार जिलों की आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा था। लगभग 60 घंटे से टीम में शामिल गाजियाबाद, मेरठ, नोएडा, आगरा के 80 अधिकारी कर्मचारी जांच कर रहे हैं।
बड़ी बात यह है कि जिले बनने से पहले और बाद में हापुड़ में यह अभ तक की सबसे बड़ी जांच है। इससे पहले हापुड़ में आयकर विभाग की दो कार्रवाई चर्चित रही हैं। वर्ष 1986 में अरविंद गुप्ता सराफ के यहां आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा था और जांच 18 घंटे चली थी। इसके अलावा 2018 में कसेरठ बाजार और नई शिवपुरी में क्लासिक स्टील पर आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा था। यह कार्रवाई भी एक दिन चली थी। हालांकि जांच में क्या सामने आया है, विभाग की तरफ से कोई खुलासा नहीं किया गया है। शनिवार दोपहर अधिकारियों की एक टीम कारोबारी को लेकर रेलवे रोड स्थित एक प्लाजा में एक अधिवक्ता और सीए के पास ले गई और पूछताछ की।
कोट -
आयकर विभाग की टीम ने फर्म के सबली के सामने स्थित फर्म के गोदाम को अपना हैड क्वार्टर बनाया है। यहीं से अधिकारी पूरी कार्रवाई को ऑपरेट कर रहे हैं। शनिवार को अधिकारियों ने मेरठ रोड स्थित कारोबारी के आवास पर जांच पूरी कर ली। लेकिन बाकी स्थानों पर जांच जारी थी।