साइबर ठगों ने बैंक खाते से साफ किए 82 हजार
हापुड़। नगर के गढ़ रोड निवासी अमर प्रकाश पांडेय के बैंक खाते से ठगों ने करीब 82 हजार रुपये निकाल लिए। अमर प्रकाश पांडेय ने बताया कि नगर स्थित एक बैंक में उनका बचत खाता है। 24 अप्रैल को उसके खाते से 82 हजार रुपये गायब हो गए। शनिवार को पीड़ित बैंक पहुंचा जिसके बाद उसे मामले की जानकारी हुई। बड़ी बात है कि उसके पास न तो किसी नंबर से कोई कॉल आई। उसने न ही कोई लिंक शेयर किया। इसके उसके चैक और पासबुक भी उसके पास मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद उसके खाते से धनराशि उड़ गई। जिसके बाद उसने अपना खाता सीज करा दिया। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया मामला साइबर ठगी से जुड़ा है। मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जा रही है।