एमएलसी चुनाव आज, 863 वोटर करेंगे मतदान
हापुड़। गाजियाबाद-मेरठ एमएलसी सीट के लिए चुनाव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जिले में सात मतदान केंद्रों पर आज 863 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे, इसके लिए शुक्रवार को आनंद विहार स्थित कलक्ट्रेट से पोलिंग पार्टियां कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना हुईं। डीएम सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया।
विधान परिषद चुनाव के लिए जिले के मतदान केंद्रों के लिए शुक्रवार सुबह अधिकारी व मतदान कर्मी कलक्ट्रेट पहुंच गए। इसके बाद पोलिंग पार्टियों को स्टेशनरी, सिल्ड अभिलेख देकर रवाना किया गया। जिले की समस्त नगर पालिका परिषद, विकास खंड कार्यालय में कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद अभिलेख व मतपेटी कलक्ट्रेट पहुंचेगी और यहां से मतपेटियों को जमा करने के लिए जनपद मेरठ के कताई शुगर मिल के स्ट्रांग रूम ले जाया जाएगा। यहीं पर 12 अप्रैल को मतगणना की जाएगी। इस दौरान डीएम अनुज सिंह, सीडीओ प्रेरणा सिंह, एडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
45 मतदान कर्मी कराएंगे चुनाव
विधान परिषद का चुनाव कराने के लिए नौ पीठासीन अधिकारी, नौ प्रथम मतदान अधिकारी, नौ द्वितीय मतदान अधिकारी, नौ तृतीय एवं नौ माइक्रो ऑब्जर्वर को तैनात किया गया है। यह मतदान कर्मी आज जिले के सात मतदान केंद्रों पर मतदान संपन्न कराएंगे। इसके अलावा जिले के सात मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान कराने के लिए डीएम ने छह जोनल व छह सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी को निर्देशित किया गया है।
कोट-
जिले में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।-अनुज सिंह, डीएम।
यहां बनाए गए मतदान केंद्र -
नगर पालिका हापुड़, नगर पालिका पिलखुवा, नगर पंचायत बाबूगढ़, विकास खंड हापुड़, विकास खंड धौलाना, विकास खंड गढ़मुक्तेश्वर, विकास खंड सिंभावली बनाए गए हैं।
मतदान के लिए यह दस्तावेज अनिवार्य
निर्वाचक फोटो पहचान पत्र, संबंधित स्थानीय निकायों द्वारा जारी पहचान पत्र व अन्य कोई फोटो युक्त पहचान पत्र मतदाता के लिए अनिवार्य होगा।
----
यह मतदाता डालेंगे वोट ---
मतदाता संख्या
विधायक 3
नगर पालिका अध्यक्ष 3
नगर पंचायत अध्यक्ष 1
जिला पंचायत अध्यक्ष 1
जिला पंचायत सदस्य 19
ब्लॉक प्रमुख 4
ग्राम प्रधान 273
बीडीसी 470
सभासद 91
शुक्रवार को निर्वाचन कार्यालय से रवाना होती पोलिंग पार्टी । संवाद- फोटो : HAPUR
शुक्रवार को निर्वाचन कार्यालय से रवाना होती पोलिंग पार्टी । संवाद- फोटो : HAPUR