पहले बेचा फिर चुराया कैंटर, तीन पर मुकदमा
हापुड़। मेरठ के गांव ललियाना निवासी शाहआलम का खरीदा हुआ कैंटर उसके पुराने मालिक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चुरा लिया। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना किठौर क्षेत्र के गांव ललियाना निवासी शाह आलम ने बताया कि कुछ समय पहले उसने थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी आमिर से एक कैंटर 7.10 लाख रुपये में खरीदा था। कुछ दिन पहले वह कैंटर में काम कराने के लिए थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा में एक मैकेनिक की दुकान पर आया था। यह बात आमिर को पता लग गई। आरोप है कि आमिर अपने दो अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंच गया और कैंटर चोरी कर ले गए। उसे जब इस बात की जानकारी हुई तो उसने आमिर से कैंटर अथवा रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और भगा दिया। सीओ वैभव पांडेय ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।