फिर फंसा बछलौता रोड निर्माण में पेंच
हापुड़। दो साल से जलभराव और गड्ढों की समस्या से जूझ रहे बाबूगढ़ बछलौता रोड से जुड़े की समस्या का समाधान होता फिलहाल नहीं दिख रहा है। इस मामले में एक बार फिर पेच फंस गया है। पीएमजीएसवाई ने इस सड़क के निर्माण से हाथ खींचते हुए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के पाले में गेंद डाल दी है। जबकि इस विभाग के अधिकारी इस सड़क के निर्माण के लिए ऐसा कोई आदेश न होने की बात कह रहे हैं।
बाबूगढ़ बछलौता बीबी नगर संपर्क मार्ग फिलहाल पूरी तरह जर्जर हो चुका है। जलभराव के कारण यहां लोगों का निकलना तक मुश्किल है, लेकिन इस मार्गों से जुड़े लोगों की परेशानियों का हल होने की उम्मीद नजर आ रही थी। पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा 9 किलोमीटर बनाने की तैयारी की थी। उसके बाद इस रोड को पीएमजीएसवाई द्वारा बनाने की बात कही गई। इस मार्ग की चौड़ाई 3.75 मीटर से बढ़ाकर 5.50 मीटर प्रस्तावित थी, लेकिन इसके बाद इस मार्ग के निर्माण में अड़चन आ गई और यह सड़क पीएमजीएसवाई के खाते में चली गई। इस विभाग द्वारा इस सड़क की डीपीआर तैयार करने में जुटा था। डीएम अनुज सिंह ने भी इस सड़क के निर्माण के लिए कुछ दिन पहले ही निरीक्षण किया था, लेकिन अब पीएमजीएसवाई ने भी इस सड़क के निर्माण के लिए हाथ पीछे कर लिए हैं। इस विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि यह सड़क अब फुल डेफ्ट रिसाइक्लिंग (एफडीआर) तकनीक से बनाई जाएगी। इस तकनीक की सड़क ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की बनाता है।
अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग : बछलौता रोड के निर्माण के संबंध में फिलहाल उनके विभाग के पास कोई योजना या सूचना नहीं है। उच्चाधिकारियों से जो आदेश प्राप्त होंगे उसके आधार पर आगे की कार्यवाही होगी।
अधिशासी अभियंता, पीएमजीएसवाई : इस सड़क का निर्माण एफडीआर विधि से होगा। इस विधि से सड़कों का निर्माण ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा ही किया जाता है। ऐसे में इसी विभाग द्वारा ही इस सड़क का निर्माण कराया जाएगा।