ददायरा में हाईवे किनारे नहीं बनी सर्विस रोड, बारिश में कटान शुरू
हापुड़। गांव ददायरा में मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर बनी सर्विस रोड के कच्ची होने और बरसात के दौरान कटान होने से नाराज किसान 15 जुलाई को ददायरा फाटक पर धरना देंगे। इसके लिए मंगलवार को भाकियू पदाधिकारियों के नेतृत्व में गांव ददायरा में पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें काफी संख्या में किसानों ने भाग लेकर चार गांवों के लोगों द्वारा धरने का निर्णय लिया गया।
मेरठ से बुलंदशहर जाने वाले हाईवे 334 पर गांव ददायरा के पास सर्विस रोड पर है। इस रोड से होकर ददायरा, श्यामपुर, जरौठी, मकलपुर सहित कई गांवों को रास्ता जाता है। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष विरेंद्र सिंह ने बताया कि एनएचएआई द्वारा सर्विस रोड पर मिट्टी पर पत्थर डालकर छोड़ दिया है। जिसके कारण अब यह सर्विस रोड बारिश में कटनी शुरू हो गई है। बरसात में इस रोड को पक्का नहीं किया गया तो यह मिट्टी पूरी तरह से कट जाएगी और हाईवे से इन गांवों का संपर्क कट जाएगा। राष्ट्रीय सचिव कुशल पाल आर्य ने बताया कि इस सर्विस रोड से बड़ी संख्या में ग्रामीणों का खेतों और हाईवे की ओर जाना होता है। लेकिन बार बार मांग के बावजूद एनएचएआई इसे पक्का नहीं कर रहा है। ऐसे में इस पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें निर्णय लिया कि चार गांव ददायरा, मलकपुर, जरौठी, श्यामपुर के गांव 15 जुलाई को ददायरा रेलवे फाटक पर हाईवे के नीचे धरना देंगे। पंचायत में उदयवीर मुखिया, रामपाल सिंह, भगतराम, परमजीत, करतार सिंह, अनुज, लल्लू प्रधान, ऋषिपाल, हरवीर, राय सिंह, सीटू, महेश पाल, बबलू, गौरव, बलराम, विमल, सुनील मौजूद रहे।
ग्रामीणों की पंचायत के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। ग्रामीणों की जो भी समस्या है, उसके लिए वार्ता की जाएगी और उसका प्रमुखता से समाधान कराया जाएगा। --दिनेश चतुर्वेदी, पीडी, एनएचएआई।