खेल स्टेडियम है पहली प्राथमिकता : रेखा नागर
हापुड़। भाजपा से नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर ने कहा कि जिले में सभी सुविधाओं से लैस स्टेडियम बनवाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके अलावा पूरे जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का चहुंमुखी विकास कराया जाएगा। रेखा नागर आज नए जिला पंचायत कार्यालय में शपथ लेगी। इससे पहले उन्होंने भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता की।
जिला प्रशासन ने मेरठ रोड पर ग्राम असौड़ा के पास करीब 3.54 हेक्टेयर भूमि की तलाश की थी। इस भूमि को राजस्व अभिलेखों में स्टेडियम के नाम दर्ज करा दिया था। स्टेडियम तक रास्ता बनाने, चाहरदीवारी कराने आदि कार्यों की जिम्मेदारी जिला पंचायत के अफसरों को दी गई है। स्टेडियम का निर्माण होने से खिलाड़ियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकेगी। प्रेसवार्ता में रेखा नागर ने कहा कि स्टेडियम बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। शपथ लेने के बाद इस दिशा में कार्य तेज हो जाएगा। स्टेडियम में स्वीमिंग पूल, मल्टी परपज हाल, 400 मीटर का ट्रैक, हाकी, फुटबाल, क्रिकेट, कबड्डी, हैंडबाल, वालीबाल खेलने के लिए विशेष स्थान होगा।
उन्होंने कहा कि देहात में विकास कार्य तेजी से कराए जाएंगे। जिला पंचायत द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में उन मार्गों को भी प्राथमिकता दी जाएगी, जो काफी समय से बिना निर्माण के पड़े हुए हैं। गांवों में पथ प्रकाश और जल निकासी जैसे कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष रूप से किए जाएंगे। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष उमेश राणा, मोहन सिंह, पुनीत गोयल, श्यामेंद्र त्यागी, सुयश वशिष्ठ शामिल है।
नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर सोमवार को विकास भवन के पास स्थित नव निर्मित जिला पंचायत कार्यालय में शपथ ग्रहण करेंगी। डीएम अनुज सिंह की अध्यक्षता में 11 बजे कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।