शराब पीने से रोका तो पत्नी को पिलाया टॉयलेट क्लीनर
हापुड़। नगर के मोहल्ला हरद्वारी नगर में पति को शराब पीने से रोकना विवाहिता को महंगा पड़ गया। पति ने उसके साथ मारपीट कर घर में रखा टॉयलेट क्लीनर पिला दिया। जिससे महिला की हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालत में सुधार होने पर पीड़िता ने आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मामला चार जुलाई का है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हरद्वारी नगर निवासी राखी उर्फ राजरानी ने बताया कि वर्ष 2017 में उसकी शादी सोनू के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति ने उसके साथ आए-दिन मारपीट करता था। इसके बाद उसने तीन बच्चों को जन्म दिया, लेकिन पति की आचरण में सुधार नहीं आया और अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती। चार जुलाई की शाम पति शराब के नशे में धुत होकर घर आया और उसने घर पर बैठकर भी शराब पीना शुरू कर दी। पीड़िता ने पति को शराब पीने से रोका तो उसने उसके साथ डंडे के साथ बेरहमी से मारपीट की और जबरन महिला को टॉयलेट क्लीनर पिला दिया।
हालत बिगड़ने पर पति घर से फरार हो गया। मामले की जानकारी पर ससुर व देवर ने महिला को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार को हालत में सुधार होने के बाद पीड़िता कोतवाली पहुंची और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि सोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।