डंपर की टक्कर के बाद बस में तोड़फोड़
हापुड़। धामपुर से दिल्ली जा रही रोडवेज बस की बाबूगढ़ में एनएच- 09 पर डंपर से भिड़ंत हो गई। हालांकि दुर्घटना में कुछ यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। इसके बाद डंपर चालक द्वारा बुलाए गए कुछ लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर दी। देर शाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
जनपद मथुरा निवासी गजेंद्र कुमार ने बताया कि वह धामपुर डिपो की रोडवेज बस पर चालक है। वहीं, धामपुर निवासी गौतम परिचालक है। मंगलवार को वह धामपुर से यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रहे थे। दोपहर के समय थाना बाबूगढ़ के निकट एनएच-9 पर रेत से भरे एक डंपर से बस की टक्कर हो गई। जिसमें करीब छह यात्री घायल हो गए। गनीमत रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
आरोप है कि गुस्साए डंपर चालक ने अपने पक्ष के कुछ लोगों को मौके पर बुला लिया और बस में तोड़फोड़ कर दी। मामले की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि घटना हुई थी, लेकिन दोनों पक्षों में समझौता हो गया। यदि तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद सवारियों को दूसरी बस से दिल्ली की ओर रवाना करा दिया गया।