प्रधान हुए पास तो मिलेगा प्रोत्साहन पुरस्कार
हापुड़। अपने कार्य के प्रति जागरूक और जानकारी रखने वाले प्रधानों को सीएम पंचायत प्रोत्साहन सम्मान दिया जाएगा। प्रधानों से ऑनलाइन आवेदन मांगा गया है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए आवेदन करने वाले प्रधानों को 100 सवालों के जवाब देने होंगे। यदि 45 प्रतिशत से अधिक अंक मिले तो प्रधान पुरस्कार की रेस में शामिल हो जाएंगे।
जिले में 273 ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए हैं। इसमें कई ऐसे प्रधान भी शामिल हैं, जिन्हें समाज सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान करने के बाद चुनाव लड़ा। अपने कार्यों के प्रति ये प्रधान जागरूक रहे और सामाजिक मुद्दों पर भी इन्होंने कार्य किया। ऐसे प्रधान सीएम पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार जीत सकते हैं। इसके लिए पंचायतीराज विभाग की वेबसाइट हमारी पंचायत पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है। 15 जुलाई तक आवेदन करने की अंतिम तिथि है।
देने होंगे 100 सवालों के जवाब
पुरस्कार के लिए प्रधानों को ऑनलाइन 100 सवालों के जवाब देने होंगे। इसके लिए कोविड प्रबंधन के साथ ही छह क्षेत्रों को चुना गया है। हर क्षेत्र में अलग-अलग अंक निर्धारित किए गए हैं। इसमें कोविड प्रबंधन पर 17 प्रतिशत, स्वच्छता प्रबंधन पर 20, पर्यावरण सुरक्षा पर 12 प्रतिशत, बेहतर स्वशासन पर 18, सामाजिक सौहार्द एवं सहभागिता पर 14, ग्राम पंचायत विकास योजना पर 19 प्रतिशत अंक निर्धारित है। 45 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले ग्राम प्रधानों को पुरस्कार के लिए चुना जा सकता है। हालांकि पुरस्कार में कितनी धनराशि होगी यह अभी निर्धारित नहीं है।
समिति करेगी प्रधानों का चयन
शासन द्वारा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में चयन समिति का गठन किया गया है। इसमें सीडीओ उपाध्यक्ष, डीपीआरओ सदस्य सचिव होंगे। जबकि सीएमओ, डीडीओ, डीएसटीओ और एडीपीआरओ को सदस्य नामित किया गया है।
15 तक करें आवेदन
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना के तहत पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ग्राम प्रधान 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद समिति के द्वारा उनका चयन किया जाएगा। -यावर अब्बास, डीपीआरओ।