घर में घुसकर अधिवक्ता पर हमला
हापुड़। विवाद के बाद पुलिस से शिकायत करने पर पड़ोसियों ने एक अधिवक्ता के घर में घुसकर हमला कर दिया। इसमें परिवार के लोग घायल हो गए। अधिवक्ता के सिर में गंभीर चोट आई है। अधिवक्ता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
टीचर्स कॉलोनी निवासी दीपक कुमार अधिवक्ता हैं। उन्होंने बताया कि उसके घर में सामने कुछ लोग रहते हैं। आरोप है कि छह जून को इन लोगों ने आपसी विवाद को लेकर उसके व उसके परिवार के साथ मारपीट की थी। जिसमें कोतवाली पुलिस ने एनसीआर दर्ज की थी। इसी बात को लेकर ये लोग उससे रंजिश रखते हैं। आरोप है कि इसी बात को लेकर रविवार देर रात ये लोग लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी साथ ही उसके घर पर पथराव कर दिया। आसपास के लोगों ने उन्हें बचाया। हमले में वह घायल हो गया। परिवार के दूसरे लोगों को भी चोटें आई हैं। पीड़ित द्वारा इस मामले की तहरीर कोतवाली में दी गई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमबीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।