गढ़ रोड मंदिर से लाखों रुपये के आभूषण चोरी
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित राम मंदिर का ताला तोड़कर चोर दानपात्र से हजारों की नकदी और लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोर अपना घर कॉलोनी स्थित मकान से भी चोरी कर ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गढ़ रोड पर सीएचसी के सामने राम मंदिर है। रविवार रात किसी समय चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। पुजारी के अनुसार चोरों ने दानपात्र का ताला तोड़कर हजारों रुपये की नकदी और मंदिर में मूर्ति पर चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए। सुबह लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला। मंदिर में चोरी की घटना से लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन चोरियां हो रही हैं और पुलिस खुलासा करने में नाकाम है। पुजारी ने थाने में तहरीर दी है।
वहीं नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत अपना घर कॉलोनी में चोरों ने एक मकान को अपना निशाना बनाया। महेंद्र सिंह सैनी ने बताया कि रविवार रात वह अपने परिवार के साथ छत पर सोया हुआ था। रात करीब एक बजे उसका पुत्र नीचे आया तो उसने मुख्य गेट को खुला हुआ पाया। चोर बेड में रखा कीमती सामान, बरामदे में खड़ी एक बाइक और दो मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पीड़ित ने 112 पर फोन पर मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की।
सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। जल्द ही घटनाओं का खुलासा कराया जाएगा।