अल्लीपुर सोसायटी में पांच दिन से नहीं हो रही गेहूं खरीद, किसानों ने किया हंगामा
हापुड़। अल्लीपुर सोसायटी में पांच दिन से गेहूं खरीद नहीं होने पर भड़के किसानों ने जमकर हंगामा किया। अधिकारियों पर बारदाना न होने का बहाना बनाकर गेहूं खरीद नहीं करने का आरोप लगाया। पांच दिन से किसान रोजाना गेहूं लेकर पहुंचते हैं और फिर उन्हें मायूस लौटना पड़ता है। अधिकारियों द्वारा राहत के आश्वासन पर किसान शांत हुए।
शासन के आदेश पर जिले में गेहूं खरीद के लिए सरकारी केंद्र बनाए गए हैं। इसमें एक केंद्र अल्लीपुर सोसायटी में भी केंद्र बनाया गया है। किसानों ने बताया कि वह बीते पांच दिन से रोजाना गेहूं लेकर केंद्र पर आते हैं, लेकिन अधिकारी रोजाना बारदाना न होने की बात कहकर तौल कराने से इंकार कर देते हैं।
ऐसे में उन्हें भीषण गर्मी में वापस लौटना पड़ता है। इस समस्या के समाधान को लेकर कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई जा चुकी है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। शनिवार को भी यही स्थिति बनी तो किसान भड़क उठे। रसूलपुर, अल्लीपुर, दयानतपुर, ककोड़ी समेत कई गांवों के किसानों ने केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि गेहूं खरीद से बचने के लिए अधिकारी यह खेल कर रहे हैं।
किसान नेता जतिन चौधरी ने कहा कि गन्ना भुगतान नहीं होने से पहले ही परेशान हैं, अन्य फसलों का भी मुनासिब दाम नहीं मिल रहा है। ऐसे में गेहूं खरीद में भी नखरे किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
प्रदर्शन करने वालों में जतिन चौधरी, देवेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, भूदेव शर्मा, कमलू, शहजाद, कपिल शर्मा, विकास, बंटू, पिंटू, बबलू, अशोक लाला, रविंद्र, बबली, संजय, ब्रजमोहन, दयानंद शर्मा, किशन, यशवीर सिंह आदि मौजूद रहे।