कार ने बाइक को मारी टक्कर, मासूम की मौत
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला स्थित फ्लाईओवर के निकट एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक बच्ची की मौत हो गई। जबकि दंपती व दूसरी बच्ची घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। कार कब्जे में लेकर पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है।
थाना सिंभावली क्षेत्र गांव राजपुर निवासी शकील अपनी पत्नी शकीला पुत्री इकरा (3) और नादरा(1) के साथ बाइक पर सवार होकर हापुड़ आया था। दोपहर के समय वह यहां से वापस गांव लौट रहा था। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंचने पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। इस दौरान एक वर्षीय नादरा की मौके पर ही मौत हो गई और दंपती और इकरा घायल हो गए। चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह ने बताया कि कार के चालक की तलाश की जा रही है।