स्टोर अधिकारी पर सुविधा शुल्क मांगने का
हापुड़। उद्यमियों ने विद्युत निगम स्टोर के एक अधिकारी पर कनेक्शन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद सामान के लिए सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को अधिशासी अभियंता का घेराव किया । उद्यमियों ने आरोप लगाया उक्त अधिकारी की मनमानी से फैक्टरी चालू नहीं हो पा रही है। समस्या का निस्तारण न होने पर डीएम से शिकायत करने की चेतावनी दी।
हापुड़ स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारी बृहस्पतिवार को विद्युत निगम के एक्सईएन कार्यालय पहुंचे। उद्यमियों ने कहा कि निगम में कोई कार्य बिना सुविधा शुल्क दिए नहीं होता है। उद्यमी ने अपनी फैक्टरी के लिए 200 किलोवाट विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। तमाम प्रक्रिया पूर्ण होने पर एस्टीमेट का पैसा भी जमा कर दिया गया।
लेकिन स्टोर में तैनात एक अधिकारी सामान देने के नाम पर सुविधा शुल्क मांग रहे हैं। जिसके चलते फैक्टरी चालू नहीं हो पा रही है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष बिजेंद्र पंसारी ने कहा कि कोरोना काल में भी उद्यमियों से बिल पर मिनिमम चार्ज अलग से वसूला जा रहा है। महामंत्री अमन गुप्ता ने कहा कि बिजली निगम की ओर से लगातार उद्यमियों पर बिल जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि फैक्टरियां बंद रहने के कारण उद्यमी पहले ही काफी परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि बिल जमा करने के लिए तीन महीने का समय दिया जाना चाहिए। स्मॉल स्केल के अध्यक्ष सुनील जैन ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं को सुना नहीं जाता। कोई भी कार्य कराने के लिए उनसे सुविधा शुल्क लिया जाता है।
उद्यमियों ने इन समस्याओं को लेकर अधिशासी अभियंता मनोज कुमार को ज्ञापन सौंपा। कार्रवाई की मांग उठाई, राहत नहीं मिलने पर डीएम कार्यालय में शिकायत की बात कही। इस मौके पर अमित मित्तल, संजय सिंहल, अशोक बब्ली, दीपांशु गर्ग आदि मौजूद रहे।