सर्वोदय कालोनी में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : HAPUR
सर्वोदय नगर में लाखों की चोरी
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड के मोहल्ला सर्वोदय नगर कालोनी में ठेकेदार के घर में घुसकर एक चोर ने लाखों रुपये चोरी कर लिए। मात्र चार मिनट में वारदात को अंजाम देकर चोर फरार हो गया। पड़ोसी के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में चोर कैद हो गया है। जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि अभी तक ठेकेदार ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
सर्वोदय कालोनी निवासी मनोज नगर पालिका में ठेकेदारी का काम करता है। बृहस्पतिवार रात वह परिवार के लोगों के साथ घर पर सोया हुआ था। इसी दौरान एक चोर घर की चारदीवारी फांदकर घर में घुस गया, लेकिन परिवार के किसी सदस्य को इसकी भनक नहीं लगी। इसके बाद चोर घर में रखे लाखों रुपये चोरी कर फरार हो गया। सुबह जागने पर ही परिवार के लोगों को चोरी के बारे में पता चला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। फोरेसिंक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य उठाए। चोर पड़ोस में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है। पुलिस ने बताया बाइक सवार चोर रात को करीब दो बजे घर में घुसा और मात्र चार मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आशंका है कि परिवार के किसी नजदीकी ने ही घटना को अंजाम दिया है। करीब 22 लाख रुपये की चोरी बताई जा रही है। लेकिन अभी तक पीड़ित ने पुलिस में तहरीर नहीं दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमबीर सिंह ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। अभी तक पीड़ित की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। घटना में किसी परिचित का हाथ नजर आ रहा है। जिसके लिए परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मात्र कुछ दूर ही है एसपी आवास
चोरों में पुलिस का भय समाप्त हो रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जाता है। घटना स्थल से एसपी आवास और पुलिस लाइन अधिक दूर नहीं है। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली को चोर ने चुनौती दी है। पुलिस की गश्त की भी पोल खुली है।