एटीएम कार्ड बदल खाते से निकाले 17 हजार रुपये
हापुड़। एटीएम से रुपये निकालने गए गांव बिगास निवासी व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर ठग ने खाते से 17 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ बाबूगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव बिगास निवासी जनक सिंह ने बताया कि 26 मई को वह बाबूगढ़ स्थित एक एटीएम से रुपये निकालने के लिए गए थे। इस दौरान एटीएम के अंदर एक युवक मौजूद था। पीड़ित के अनुसार युवक ने झांसा देकर उससे एटीएम बदल लिया। इतना ही नहीं युवक ने पीड़ित से एटीएम का पासवर्ड भी पता कर लिया। इसके बाद जब वह घर आ गया तो बैंक खाते से 17 हजार रुपये निकाल लिए। मामले की जानकारी पीड़ित को मोबाइल फोन पर रुपये निकाले जाने का मेसेज मिलने पर हुई। इसके बाद उसने बैंक पहुंचकर अपना खाता सीज कराया और मामले की जानकारी पुलिस को दी। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
इन बातों का रखें ध्यान
पुलिस के अनुसार जो लोग एटीएम का प्रयोग करते हैं वे इस बात का विशेष ध्यान रखें कि एटीएम के प्रयोग के दौरान पूरी सावधानी बरती जाए। किसी सामने कोड आदि जाहिर न होने दें। किसी अंजान व्यक्ति की मदद बिल्कुल भी न लें। यदि एटीएम से रुपये निकालने में आपको असुविधा या किसी प्रकार की दिक्कत होती है तो केवल परिचित की ही मदद लें। इसके अलावा एटीएम कार्ड संबंधी अपनी गुप्त जानकारी किसी को भी न बताएं।