प्रीत विहार बिजलीघर में फॉल्ट से सात घंटे ठप रही सप्लाई
हापुड़। प्रीत विहार बिजलीघर की वीसीबी में फाल्ट से शनिवार को सात घंटे तक हजारों घरों की बत्ती गुल रहीं। भीषण गर्मी में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं कई मोहल्लों में पानी की भी किल्लत हो गई। आसपास लगे हैंडपंपों से लोगों को पानी लाना पड़ा। आए दिन इस तरह की परेशानी से लोगों में रोष व्याप्त है। शाम तीन बजे आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
प्रीत विहार बिजलीघर से अच्छेजा, सबली, चमरी, श्यामनगर, पूठा समेत दिल्ली रोड के कई मोहल्लों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। शनिवार सुबह करीब आठ बजे बिजलीघर के वीसीबी मशीन में फाल्ट से अचानक सप्लाई ठप हो गई। भीषण गर्मी से परेशान लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे, लेकिन राहत नहीं मिल सकी।
इन मोहल्लों में हुई पानी की किल्लत
चमरी, अजुर्न नगर, टीचर कालोनी, दादाबाड़ी, बैंक कालोनी, लज्जापुरी, सुभाष नगर, दिल्ली रोड, सरस्वती एंक्लेव, आर्य नगर सहित कई मोहल्लों में पानी की किल्लत से लोग परेशान रहे।
शुक्रवार को भी आंधी से गुल रही थी बिजली
शुक्रवार को आंधी के कारण लगभग आठ घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रही थी। शहर के कई बिजलीघरों की लाइन में फॉल्ट होने के कारण ग्रामीण अंचल की सप्लाई भी प्रभावित रही।
अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि फॉल्ट को दुरुस्त कराया जा रहा है। जल्द ही बिजलीघर को चालू कर, क्षेत्र की आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
-----
बिजली किल्लत पर आप कार्यकर्ताओं ने जताया रोष
हापुड़। आम आदमी पार्टी हापुड़ कार्यकर्ताओं ने वर्चुअल मीटिंग कर जनपद में बढ़ती जा रही बिजली की किल्लत पर रोष जताया। पार्टी के जिला प्रवक्ता एडवोकेट ऋषिपाल सैनी ने कहा कि गर्मी शुरू होते ही जिले में बिजली संकट बढ़ गया है। जिला उपाध्यक्ष पं. मनोज भारद्वाज ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण लगे लॉकडाउन के चलते जनता घरों में कैद है ऊपर कटौती लोगों के लिए मुसीबत बन गई है।
पार्टी के यूथ विंग नगराध्यक्ष मयंक सोलंकी ने चेताया कि यदि इस ओर जल्द सुधार नहीं हुआ तो पार्टी जनता के साथ सड़क पर उतरने का काम करेगी। इस मौके पर हरिओम शर्मा, सरदार जसमीत सिंह, राहुल शर्मा, धर्मेंद्र् राव, कपिल त्यागी, अजय शर्मा, वी पी सिंह, वीरेन्द्र, जोगेन्द्र दास, सरोज सिंह, सरीता गुप्ता, मुस्लिम कुरैशी, आजाद आदि मौजूद रहे।