हाजीपुर में गिरा अंत्येष्टि स्थल का पिलर
हापुड़। मुरादनगर में अंत्येष्टि स्थल का लिंटर गिरने से कुछ महीने पहले ही कई लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी। लेकिन इसके बाद भी सिस्टम नहीं जागा। बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव हाजीपुर में रविवार को अंत्येष्टि स्थल का एक पिलर अचानक गिर गया। लोगों में रोष है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब सात आठ साल पहले गांव के श्मशान में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण ग्राम प्रधान द्वारा कराया गया था। इस स्थल पर छह पिलर पर लिंटर टिका हुआ है। इसके नीचे ग्रामीण शवों का दाह संस्कार करते हैं। लेकिन रविवार को इस स्थल का एक पिलर अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय आसपास कोई मौजूद नहीं था। पिलर गिरने के बाद लिंटर में भी दरार आ गई है और यह कभी भी भरभराकर गिर सकता है। पिलर को मात्र ईंटों से मनाया गया था और इसमें सरियों तक का प्रयोग नहीं किया गया। गुस्साए ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए मामले की शिकायत एसडीएम से की है। एसडीएम सत्यप्रकाश का कहना है कि मामले की जांच के लिए टीम को मौके पर भेजा रहा है। अनियमितता के लिए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में पंडित कृपाल सिंह, सतीश, हंसराज, दीपक, मदन सिंह, दयानंद, अनिल अमित, रोहताश, सोनू, पंकज, संदीप, शिवदयाल उपस्थित रहे।