कोरोना का बढ़ा खतरा, आज से बिना मास्क मिले तो होगा चालान
हापुड़। जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन सख्त हो गया है। लोगों की बढ़ती लापरवाही को देखते हुए डीएम अनुज सिंह ने एसपी नीरज कुमार जादौन को सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाकर मास्क न पहनने वालों के चालान काटने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा शासन के आदेश पर आठ से 23 अप्रैल तक टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें मीडियाकर्मी, दुकानदार, बैंककर्मी, शिक्षक, ऑटो रिक्शा चालक फेरी वालों को अलग अलग दिन कोरोना से बचाव के टीके लगाए जाएंगे।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बावजूद जिले में लोग लापरवाह हो रहे हैं। बाजारों में, सड़कों पर बिना मास्क, बिना सोशल डिस्टेंसिंग के लोग नजर आ रहे हैं। लोगों में कोरोना का खौफ दिखाई नहीं दे रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। डीएम अनुज सिंह ने इस संबंध में एसपी को पत्र लिखकर प्रतिदिन कम से कम पांच सौ ऐसे लोगों के चालान काटने के लिए कहा है जिन्होंने मास्क न पहना हो। उन्होंने पत्र में कहा है कि कोरोना के बढ़ते संकट के बीच लोगों का लापरवाही पूर्ण रवैया घातक साबित हो सकता है। ऐसे में अब सख्ती जरूरी है। डीएम अनुज सिंह ने बताया कि जिले में मास्क पहनना अब जरूरी होगा। मास्क न पहनने वालों के खिलाफ सख्ती होगी और उनके चालान काटे जाएंगे।
------
चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान
प्रशासन आठ अप्रैल से 23 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाकर 45 वर्ष तक की आयु वर्ग के अलावा कुछ विशेष वर्ग के लोगों का टीकाकरण कराएगा। ये वे लोग हैं जो फ्रंट लाइन वर्कर हैं और जिन्हें कोरोना संक्रमण का खतरा सबसे अधिक है।
कब किसका होगा टीकाकरण
8-9 अप्रैल : मीडिया से जुड़े लोग, खुदरा एवं बड़े दुकानदार।
10 अप्रैल : बैंक एवं बीमा कर्मचारी।
12-14 अप्रैल : स्कूल एवं कालेज के शिक्षक।
15-16 अप्रैल : आटो रिक्शा, बस, टैक्सी ड्राइवर, फेरी वाले एवं निर्माण कर्मचारी।
17-19 अप्रैल : अन्य सरकारी अधिकारी/ कर्मचारी (फ्रंट लाइन वर्कर्स को छोड़कर)
20-21 अप्रैल : न्यायपालिका के कर्मचारी एवं वकील।
22-23 अप्रैल :-निजी कॉलेजों के कर्मचारी।