हापुड़ जिला पंचायत को मिलेगा दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार
हापुड़। केंद्र सरकार द्वारा उत्तम और प्रशंसनीय कार्य करने पर दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार के लिए हापुड़ जिला पंचायत को दूसरी बार चयनित किया है। पुरस्कार मिलने के बाद अधिकारी व कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। पंचायती राज विभाग के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने भी पंचायत अध्यक्ष और सभी कर्मियों को बधाई दी है।
पंचायत अवार्ड योजना के अनुसार सर्वश्रेष्ठ पंचायत को पंचायत दिवस पर पुरस्कृत किया जाता है। केंद्रीय पंचायतीराज मंत्रालय द्वारा 24 अप्रैल को पंचायतीराज दिवस के अवसर पर यह पुरस्कार दिया जाएगा। पिछले वर्ष भी हापुड़ जिला पंचायत को यह पुरस्कार दिया गया था। बृहस्पतिवार को जारी सूची में प्रदेश की दो जिला पंचायत, चार ब्लॉक व 29 ग्राम पंचायतों को पुरस्कार के लिए शामिल किया है। जिसमें हापुड़ जिला पंचायत के साथ शामली को चुना गया है। पिछली बार यह पुरस्कार हापुड़ और सुल्तानपुर जिला पंचायत को मिला था। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी प्रणव पांडेय ने बताया कि भारत सरकार के इस पुरस्कार ने जिला पंचायत हापुड़ को देशभर में नई पहचान दिलाई है। इसका समस्त श्रेय पंचायत की पूरी टीम को जाता है। पुरस्कार में जिला पंचायत को 50 लाख रुपये की धनराशि दी जाती है। जिसे जिला पंचायत अपने स्तर पर खर्च करती है। इस धनराशि से निश्चित रूप से विकास कार्यों को गति मिलेगी।
डीएम अनुज सिंह ने कहा कि कोरोना काल और इसके बाद अब सामान्य दिनों में भी हापुड़ जिला पंचायत द्वारा विकास कार्य तेजी से कराए गए हैं। पुरस्कार की घोषणा के बाद जिले का नाम भी रोशन हुआ है।