तेरह बीघा गन्ने की फसल जली
हापुड़। गांव तुमरैल में बुधवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो किसानों की 13 बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। पल भर में फसल तबाह होने से किसान परेशान हैं। बिजली निगम के अफसरों पर शिकायत के बावजूद जर्जर तार नहीं बदलने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव तुमरैल निवासी दिनेश पुत्र नारायण और राजवीर पुत्र हरवीर के खेतों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन के तार गुजर रहे हैं। यह लाइन जर्जर है, जिससे आए दिन चिंगारी निकल कर फसलों को तबाह करती है। बुधवार को फिर से लाइन में फाल्ट हुआ और गन्ने की फसल में आग लग गई।
किसान कुछ कर पाते इससे पहले ही दोनों किसानों की 13 बीघा फसल जलकर राख हो गई। इसमें राजवीर की आठ और दिनेश की पांच बीघा फसल शामिल है। इस घटना के बाद भी बिजली निगम के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंच सके। जिससे किसानों में रोष व्याप्त है।
गांव निवासी संदीप शर्मा ने बताया कि बिजली निगम के अफसरों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। लेकिन जर्जर तारों की बदली नहीं की जा सकी है। किसानों ने जली फसल का मुआवजा मांगा है।