मालवाहक बनी रोडवेज बस, दो परिचालकों पर हुई कार्रवाई
हापुड़। रोडवेज बस के परिचालक राजस्व को चूना लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को एआरएम ने बाईपास पर चेकिंग के दौरान दस बसों को पकड़ा। इसमें एक बस में परिचालक बिना टिकट के ही यात्रियों को सफर करा रहा था, जबकि दूसरा बिना बुक किए ही दो क्विंटल व्यापारिक माल ढो रहा था। शहर के अंदर से भी इन बसों को नहीं निकाला गया। इस मामले में दोनों को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर दिया गया है।
हापुड़ डिपो से विभिन्न मार्गों पर 110 बसों का संचालन होता है। एआरएम ने बसों को हापुड़ शहर के अंदर से होकर निकालने के निर्देश दिए हुए हैं, ताकि यात्रियों को हाईवे पर परेशान न होना पड़ा। बृहस्पतिवार को एआरएम एनपी सिंह हापुड़ बाईपास पर चेकिंग कर रहे थे, इसी दौरान स्याना से दिल्ली कोसांबी तक चलने वाली एक रोडवेज बस में जांच की गई।
इसमें परिचालक रेवा राम तीन यात्रियों को बिना टिकट सफर करा रहे थे, इतना ही नहीं बस को शहर के अंदर भी नहीं लाया गया था। आनन फानन में परिचालक को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर दिया गया। जबकि दूसरी बस जो दिल्ली से लखनऊ तक जाती है, उसे भी शहर के अंदर से नहीं निकाला गया। बल्कि इस बस में परिचालक करीब 2 क्विंटल व्यापारिक माल को बिना बुक कराए ही ले जा रहा था। इसका जवाब मांगा तो परिचालक जयप्रकाश शर्मा सहम गया। इन दोनों ही मामलों में सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर दिया गया है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनपी सिंह ने बताया कि राजस्व को क्षति पहुंचाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। बसों को शहर के अंदर से नहीं निकालने वालों पर भी कार्रवाई होगी। दो बस परिचालकों को लापरवाही बरतने पर सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है।