लूट मे वांछित पच्चीस हजार का इनामी दबोचा
हापुड़। पिछले करीब डेढ़ माह से अलीगढ़ में शराब का ट्रक लूटकर ड्राइवर को बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में फेंककर फरार होने के मामले में पुलिस ने वांछित चल रहे पच्चीस हजार के इनामी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के सात साथियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सोमबीर सिंह ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले अलीगढ़ जनपद से एक शराब की ट्रक लूटा गया था। इस ट्रक के ड्राइवर को बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में फेंककर आरोपी फरार हो गए थे। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक लूट में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि कुछ आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में वांछित हीरालाल शर्मा पुत्र बुद्धराम शर्मा निवासी जुरहैरा मैन बाजार भरतपुर राजस्थान फरार चल रहा था। आरोपी पर एसपी हापुड़ द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी को बाबूगढ़ पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से लूटी गई दस पेटी शराब की बरामद की गई है।