गांव जरौठी स्कूल में बैठक करते कमेटी के पदाधिकारी व ग्रामीण।
- फोटो : HAPUR
शिक्षकों की फर्जी नियुक्ति पर हुआ हंगामा
हापुड़। जरौठी के प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को प्रबंध कमेटी की बैठक में जोरदार हंगामा हुआ। फर्जी नियुक्ति का आरोप लगाते हुए कुछ शिक्षक माफियाओं पर विद्यालय में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। साथ ही प्रबंध कमेटी के नवीनीकरण में लगाए जा रहे अड़ंगे पर भी नाराजगी जताई। इसके विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने डीएम से मिलकर शिकायत करने का निर्णय लिया।
जरौठी के किसान प्राथमिक विद्यालय में दो शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर काफी समय से सवाल उठते रहे हैं। इस विद्यालय में करीब 70 छात्र पढ़ते हैं, लेकिन विद्यालय में इन दिनों यहां शिक्षा का माहौल कम राजनीति का माहौल ज्यादा बन रहा है। इस विद्यालय में करीब 15 साल से मैनेजमेंट कमेटी निष्क्रय चल रही है। जिसके नवीनीकरण के चरण कमेटी पूरे करने में लगी है।
इन अव्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को विद्यालय में प्रबंध कमेटी की एक बैठक हुई। इसमें पूर्व पदाधिकारियों ने काफी हंगामा किया। पूर्व प्रबंध समिति के प्रबंधक नाहर सिंह ने बताया कि कुछ शिक्षा माफिया कमेटी का नवीनीकरण नहीं होने दे रहे हैं, क्योंकि यदि यह कमेटी पावर में आई तो अनियमितताओं की पोल खुल जाएगी। उन्होंने बताया कि कमेटी के उपाध्यक्ष यशपाल सिंह का कागजों में रिकॉर्ड ही गायब कर दिया गया, जबकि वह बैठक में भी मौजूद थे। पूर्व प्रबंधक ने बताया कि सोमवार को गांव ददायरा, जरौठी, श्यामपुर, मलकपुर, मुरादपुर के ग्रामीण डीएम कार्यालय जाकर इसकी शिकायत करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अर्चना गुप्ता ने बताया कि इस मामले की जांच करायी जाएगी। विद्यालय में नियमों के विरुद्ध कोई कार्य नहीं होने दिया जाएगा।