महाराष्ट्र पुलिस ने दो सराफा व्यापारियों को किया गिरफ्तार
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार दोपहर महाराष्ट्र के थाना मोहोल पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने दो सर्राफा व्यापारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इनके द्वारा मात्र 30 प्रतिशत सोने से बने आभूषणों पर 22 कैरेट का होलमार्क लगाकर बिक्री किया था। जिनके आधार पर कुछ लोगों ने मुंबई के जिला सोलापुर के थाना मोहोल क्षेत्र स्थित बैंक व सर्राफा व्यापारियों से करीब दो करोड़ की ठगी की है।
हापुड़ पहुंची मुंबई के थाना मोहोल पुलिस में तैनात एसआई संतोष इंगले ने बताया कि मारूती प्रभाकर रेवनकर की सावलेश्वर में गंगा ज्वैलर्स नाम से सोने के आभूषणों की दुकान है। 26 जनवरी को उक्त व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पप्पू उर्फ डावल तंबोली व इस्माइल इनस ने 30 से 40 प्रतिशत सोने से बने आभूषण गिरवी रखकर बैंक से करीब छह लाख रुपये की ठगी की है। इस सोने को गिरवी रखकर इन दोनों ने लोन लिया था। जांच में पता चला कि आरोपियों ने कई अन्य सराफा व्यापारियों से इसी प्रकार करीब दो करोड़ रुपये की ठगी की है। पुलिस ने उक्त दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ये पूछताछ के बाद पता चला कि इन आभूषणों पर 22 कैरेट का होलमार्क लगाने का कार्य हापुड़ में किया गया है और हापुड़ से ही इन आभूषणों को खरीदा गया था। सराफा व्यापारियों की गिरफ्तारी के लिए बृहस्पतिवार को हापुड़ के सर्राफा बाजार में छापा मारा। यहां से सराफा व्यापारी गौरव अग्रवाल व चाह कमाल निवासी अंकुर गोयल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान बाजार में अफरातफरी का माहौल रहा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि मुंबई पुलिस दोनों सराफा व्यापारियों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।