दबंगों ने तालाबों पर किया अवैध कब्जा
हापुड़। गांव रसूलपुर बहलौलपुर व बागड़पुर मुजफ्फरपुर में गांव के दबंगों द्वारा तालाब पर कब्जा किया जा रहा है, जिसके चलते पानी की निकासी बाधित हो रही है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सें शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव रसूलपुर बहलौलपुर के ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने तालाब पर कब्जा किया हुआ है। अब वह तालाब की भूमि पर रास्ता बनाने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ अभद्रता की जाती है। साथ ही नालियों का पानी तालाब में नहीं पहुंचने के कारण रास्तों में भर रहा है।
वहीं बागड़पुर मुजफ्फरपुर में भी दबंगों द्वारा तालाब की भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा हैं और विरोध करने पर ग्रामीणों को धमकी दी जाती है। इससे क्षुब्ध ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की है। शिकायत करने वालों में गुलजार सैफी, जमालुद्दीन, नाजिम अली, मंगू खां, कुमदेश शर्मा आदि मौजूद रहे।