प्रेमी युगल ने खाया जहरीला पदार्थ, युवक की मौत
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अचपलगढ़ी मेें प्रेमी युगल ने जहर खा लिया। जिसमें युवक की मौत हो गई। जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल इस मामले में किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं की गई है।
कोतवाली प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि रविवार सुबह अचपलगढ़ी निवासी 20 वर्षीय युवक ने जहरीले पदार्थ खा लिया। जिसे हापुड़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दोपहर में युवक के पड़ोस में रहने वाली युवती ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिसकी हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार युवक और युवती एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। दोनों के बीच दूर का रिश्ता है। इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकि युवती के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।