पालिका टीम का लोगों ने किया विरोध
हापुड़। शनिवार को मीनाक्षी रोड पर जमीन पर पालिका द्वारा चाहरदीवारी कराने के दौरान लोगों ने विरोध किया। पालिका अफसर और पुलिस के मौके पर पहुंचने पर लोग रफूचक्कर हो गए। पालिका अफसरों ने सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई करने की सख्त चेतावनी भी दी।
हापुड़ शहर में नगर पालिका परिषद के अफसर सरकारी जमीन को चयनित कराने और उन पर पालिका का कब्जा कराने की कवायद कर रहे हैं। पालिका अफसरों की मानें तो मीनाक्षी रोड पर करीब 310 वर्ग मीटर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया था।
पिछले दो दिनों से नगर पालिका संबंधित जमीन पर चाहरदीवारी कराने का कार्य कर रही है। शनिवार को कुछ लोग जमीन पर अपना हक जताते हुए मौके पर पहुंचे। पालिका अफसरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और स्वयं भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि संबंधित लोग पुलिस के आने की सूचना मिलते ही मौके से चले गए।
नगर पालिका अफसरों ने मौके पर खड़े होकर निर्माण कार्य कराया। नगर पालिका जेई प्रमोद कुमार ने बताया कि मीनाक्षी रोड पर कब्जामुक्त कराई जमीन की चाहरदीवारी कराई जा रही है। हालांकि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा बाधा डालने का प्रयास किया गया था, लेकिन पुलिस की सूचना पाकर लोग मौके से चले गए। संवाद