जमीनी विवाद में अटका सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निर्माण
हापुड़। कूड़ा निस्तारण के लिए नगर पालिका द्वारा बनाए जाने वाले सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निर्माण जमीनी विवाद के चलते अटका हुआ है। रामपुर रोड पर नगर पालिका ने चार वर्ष पूर्व दो हेक्टेयर जमीन का चयन किया था। लेकिन मौके पर किसी और का कब्जा होने के कारण काम शुरू नहीं हो पाया। जबकि शासन से प्लांट के निर्माण के लिए छह करोड़ की धनराशि भी जारी हो चुकी है।
स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंक प्राप्त करने के लिए कूड़ा निस्तारण भी अहम होता है। शहर में प्रतिदिन 99 टन कूड़ा निकलता है। हालांकि यह कूड़ा रामपुर रोड पर डाला जाता है। अमृत योजना के तहत पालिका ने सीवर ट्रीटमेंट व सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के निर्माण के लिए रामपुर रोड पर ही जमीन का चयन किया था। दो हेक्टेयर भूमि में प्लांट के निर्माण का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया। लेकिन जब मौके पर पैमाइश कराई गई तो वहां जमीन कम मिली। कुछ लोगों का जमीन पर कब्जा मिला। अधिकारियों के अनुसार प्लांट के लिए शासन से लगभग छह करोड़ की धनराशि भी प्राप्त हो गई है। लेकिन मौके पर जमीन कम होने के कारण इसका निर्माण नहीं हो पाया। अधिकारियों के अनुसार जमीन पर से कुछ कब्जा हटवाया जा चुका है, इस दौरान पालिका की टीम को लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। जिसके चलते सारी जमीन से कब्जा नहीं हट सका। नगर पालिका के अधिकारी अब तहसील से दस्तावेजों की जांच कराने की बात कह रहे हैं। नगर पालिका ईओ एसके गौतम ने बताया कि कार्यदायी संस्था जल निगम को 130 टीडीपी निर्माण प्लांट के लिए दो हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है।
तहसील में संबंधित भूमि के दस्तावेजों की जांच करवाई जा रही है। उसके बाद सत्यापन का कार्य करवाया जाएगा। इसके बाद ही जमीन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।