मीट विक्रेता ने साथियों संग युवक को रॉड मारी, हंगामा
हापुड़। दिल्ली रोड स्थित मोहल्ला चमरी में मीट की दुकान के बाहर बाइक हटाने को लेकर एक युवक का विवाद हो गया। जिसके बाद विक्रेता ने कुछ युवकों के साथ मिलकर युवक पर रॉड आदि से हमला बोल दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान मौके पर दूसरे पक्ष के लोग भी जमा हो गए और मारपीट शुरू हो गई। मामला दो संप्रदायों के बीच होने के चलते मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लिया है। एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की।
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला चमरी निवासी शिवम चौधरी शाम के समय नौकरी से घर लौट रहा था। जैसे ही वह मोहल्ले में एक मीट की दुकान के बाहर पहुंचा तो यहां युवकों की भीड़ लगी हुई थी। वहीं सड़क पर कई बाइक खड़ी थीं। जब शिवम ने युवकों से रास्ता मांगा तो विवाद हो गया। जिसके बाद मीट विक्रेता और यहां मौजूद युवकों ने युवक पर रॉड से हमला बोल दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मामला दो संप्रदायों के बीच होने की सूचना पर एसपी नीरज कुमार जादौन, सीओ वैभव पांडेय के अलावा कोतवाली और थाना देहात सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब 12 लोगों को हिरासत में ले लिया। हालांकि इस दौरान पुलिस को कुछ महिलाओं के विरोध का भी सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक मोहल्ले में तनाव की स्थिति थी। जिसको देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात था।
सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि घायल युवक को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मामले में दोषियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।